
न्यूज बॉक्स 24,गरियाबंद। गरियाबंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हरदी में गली में बनाई गई नवनिर्माण नाली महज एक महीने के भीतर ही टूट-फूट का शिकार हो गई है। लगभग 15 लाख रुपये की लागत से कराए गए इस नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि नाली निर्माण के दौरान मानक के अनुसार पानी का उपयोग नहीं किया गया, जिससे सीमेंट-कंक्रीट ठीक से जम नहीं पाई। यही कारण है कि नाली जगह-जगह से टूटने लगी और देखते ही देखते पूरी नाली जाम हो गई।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि आधा-अधूरा निर्माण कराया गया, जो 15 दिन भी टिक नहीं पाया। नाली के क्षतिग्रस्त होने से गली में बना गौरव पथ अब कीचड़ भरे रास्ते में तब्दील हो गया है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मोहल्लेवासियों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए उच्च स्तरीय जांच कराने तथा नाली निर्माण में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में भी इस तरह के घटिया निर्माण कार्य होते रहेंगे और शासन की राशि का दुरुपयोग जारी रहेगा।


