
न्यूज बॉक्स 24,गरियाबंद। कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है—इस कहावत को गरियाबंद गंजईपुरी के होनहार युवा राजकुमार ध्रुव ने सच कर दिखाया है। SSC GD परीक्षा 2025 के घोषित परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजकुमार ध्रुव का चयन CAPF (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे ग्राम पंचायत में गर्व और खुशी का माहौल है।
राजकुमार ध्रुव, पिता हीरालाल ध्रुव, बचपन से ही देश सेवा के जज्बे से प्रेरित रहे हैं। वर्दी पहनकर देश की सुरक्षा करने का सपना उन्होंने कम उम्र में ही देख लिया था। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने अनुशासन के साथ निरंतर मेहनत की, जिसका सुखद परिणाम आज सामने आया है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में चयनित होकर उन्होंने न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
राजकुमार की इस सफलता पर पूरे अंचल में हर्ष की लहर है। उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इस अवसर पर ग्राम सरपंच लीना रविन्द्र ठाकुर ने राजकुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
साथ ही क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों कन्हैया ध्रुव, फूल सिंह साहू, परस यादव, तीरथ साहू, नरेंद्र पांडे, गोपाल यादव, रमेश निषाद, विष्णु निषाद, बलराम निषाद, रोशनपूरी, अर्जुन ध्रुव, प्रीतम निषाद और मुकेश यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने भी राजकुमार को बधाई दी और इसे पूरे गांव के लिए गौरव का विषय बताया।
राजकुमार ध्रुव की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। उनकी यह कामयाबी गरियाबंद जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी।


