
चन्द्रहास निषाद, न्यूज बॉक्स 24 गरियाबंद। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों और शासन को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सरकार द्वारा प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) सीनापाली एरिया कमेटी एवं एएसके एरिया कमेटी से जुड़े 9 इनामी नक्सलियों ने अपने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित नक्सलियों पर कुल 45 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वालों में डिविजनल कमेटी सदस्य, एरिया कमेटी सचिव, पार्टी सदस्य एवं महिला नक्सली भी शामिल हैं। इन नक्सलियों के पास से एके-47 सहित कुल 47 हथियार, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
आत्मसमर्पण करने वाले प्रमुख नक्सली
अंजू उर्फ कविता – डीकेएम/एएसके एरिया कमेटी सचिव
बलदेव उर्फ नामनचेट्टी – डिविजनल कमेटी सदस्य
उमेश उर्फ महेशदेव – डिविजनल कमेटी सदस्य
सोनी उर्फ बुढ़री – सीनापाली एरिया कमेटी सचिव
रंजीत उर्फ गोविंद – सीनापाली एरिया कमेटी सदस्य
पावती उर्फ सुशीला – सीनापाली एरिया कमेटी सदस्य
रानी, नविता, सरूपा – पार्टी सदस्य
(नक्सलियों पर 1 लाख से 8 लाख रुपये तक के इनाम घोषित थे)
शासन की नीति का असर
सुरक्षा बलों के निरंतर दबाव, विकास कार्यों और राज्य सरकार की पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ा। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को नियमानुसार पुनर्वास योजना का लाभ दिया जाएगा।
यह आत्मसमर्पण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


