
चन्द्रहास निषाद, न्यूज बॉक्स 24,गरियाबंद । होली के त्यौहार से ठीक पहले गरियाबंद पुलिस ने आमजन को खुशियों की सौगात दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने विशेष अभियान चलाकर गुम हुए 78 मोबाइल हैंडसेट बरामद किए, जिन्हें आज विधिवत उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
CEIR पोर्टल बना मददगार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह सफलता भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से मिली है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल के IMEI नंबर को ट्रैक किया जाता है। जैसे ही उस हैंडसेट में कोई नई सिम डाली जाती है, साइबर सेल को उसकी जानकारी मिल जाती है।

पुलिस की अपील: तुरंत दें सूचना
गरियाबंद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल इसकी सूचना नजदीकी थाने या साइबर सेल को दें। मोबाइल बरामदगी का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
विशेष बॉक्स: मोबाइल गुम हो जाए तो क्या करें?
यदि आपका मोबाइल कहीं खो जाता है, तो तुरंत नजदीकी थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराएं। रिपोर्ट करते समय निम्नलिखित जानकारी साथ रखें:
दस्तावेज: मोबाइल का बिल (रसीद), आधार कार्ड।
जानकारी: मोबाइल नंबर, IMEI नंबर, डिवाइस का ब्रांड और मॉडल।
विवरण: फोन खोने की संभावित जगह और तारीख।
”पुलिस की प्राथमिकता जनसेवा और सुरक्षा है। होली के पावन पर्व से पहले मोबाइल मालिकों को उनकी अमानत सौंपना हमारे लिए हर्ष का विषय है।” — गरियाबंद पुलिस


