
गरियाबंद | शहरवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। गरियाबंद शहर को 4-लेन सड़क की महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है, जिससे आने वाले समय में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। इस परियोजना से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत सर्किट हाउस की ओर से कर दी गई है। निर्माण एजेंसी को दिवाली से पहले कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

परियोजना की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। संबंधित विभाग के अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और निर्माण कार्य में उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण व तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने भी भरोसा दिलाया है कि तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जाएगा।
इस पहल का क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक रोहित साहू सहित स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है और शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया है। शहर में 4-लेन सड़क बनने से जहां ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी, वहीं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


