
चन्द्रहास निषाद/न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद । जिले के अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाना, बेहतर करियर के विकल्पों से जोड़ना और उनके बहुमुखी व्यक्तित्व का विकास करना है। योजना के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ राज्य के चयनित उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में अध्ययन की सुविधा दी जाएगी।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित विद्यालयों को विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क की प्रतिपूर्ति की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध हो सके।
योजना में शामिल होने के इच्छुक संस्थानों को “रूचि की अभिव्यक्ति” (Expression of Interest) के प्रारूप में अपना प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा। प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल 2026, अपरान्ह 5:00 बजे निर्धारित की गई है। इच्छुक संस्थाएं अपना प्रस्ताव सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, कक्ष क्रमांक 56, कलेक्ट्रेट परिसर, गरियाबंद में जमा कर सकती हैं।


