
चन्द्रहास निषाद/न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद। पवित्र रमज़ान के अवसर पर गरियाबंद में नन्हे रोजेदारों के हौसला अफजाई के लिए एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में नगर के मुस्लिम जमातखाना में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे और उनके पालक शामिल हुए।

कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे उन बच्चों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने रमज़ान के दौरान रोजे रखे थे। रायपुर संभाग के अध्यक्ष मोहम्मद असलम अशरफी के हाथों बच्चों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड एवं उपहार स्वरूप पेंसिल बॉक्स प्रदान किया गया।
5 अप्रैल, रविवार को सुबह 11 बजे आयोजित इस सम्मान समारोह में 11 वर्ष से कम उम्र के करीब 130 से अधिक बच्चे शामिल हुए। इन सभी नन्हे रोजेदारों को उनके प्रयास और समर्पण के लिए सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम की खास बात रही कि नगर की मात्र 4 वर्षीय जारा फातिमा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने रमज़ान के चार रोजे रखकर सभी को प्रेरित किया।
इस अवसर पर मोहम्मद असलम अशरफी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने पालकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में समिति द्वारा सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। इस आयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग अपने बच्चों के साथ पहुंचे, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना रहा।


