
चन्द्रहास निषाद/न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सरस्वती शिशु मंदिर के कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष के वार्षिक परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। घोषित परिणामों में विद्यार्थियों ने न केवल सफलता प्राप्त की, बल्कि उच्च अंकों के साथ अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रियंशु यादव ने किया टॉप
परीक्षा परिणाम के अनुसार, प्रियंशु यादव ने कुल 500 अंकों में से 478 अंक प्राप्त कर 95.6 प्रतिशत के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, भावना सिन्हा 458 अंकों (91.6 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर और मोनालिका 455 अंकों (91 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
मेधावी छात्रों की लंबी सूची
विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। गौरव कुमार ध्रुव (90%) ने चौथा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही भारती जाटे (87.2%), पायल ध्रुव (87%), दिया सिन्हा (86.4%), ईश्वर कुमार साहू (85.4%), रेणुका ध्रुव (85%) और पलक निषाद (82.2%) ने भी बेहतरीन अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
विद्यालय में उत्सव का माहौल
विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की सूचना मिलते ही अभिभावकों में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है और उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण की प्रशंसा की है।


