
न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद। वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 31 मई 2026 को वन परिक्षेत्र छुरा अंतर्गत ग्राम अमलोर के पास वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए विभाग ने लगभग 9.377 हेक्टेयर वन भूमि को अपने कब्जे में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त के मार्गदर्शन एवं वनमंडलाधिकारी गरियाबंद के निर्देश पर उप वनमंडलाधिकारी राजिम विकास चन्द्राकर तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी छुरा लवकुश पाण्डेय के नेतृत्व में वन अमले की टीम ने कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि ग्राम अमलोर निवासी दशरथ, परेश, हेमलाल, प्रभु एवं रामलाल द्वारा पाटसिवनी परिसर के वन कक्ष क्रमांक 167 की वन भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर कृषि कार्य किया जा रहा था।
वन विभाग की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया तथा भूमि का समतलीकरण कर पुनः विभागीय कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान स्वयं अतिक्रमणकारी, ग्राम पंचायत अमलोर के सरपंच-उपसरपंच, वन प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक अमेठी कमल नेताम, परिसर रक्षक अमेठी रामध्वज मोर्य, वनरक्षक घनश्याम ध्रुव, युवराज नेताम, कु. लक्ष्मी कोर्राम सहित वन परिक्षेत्र छुरा के सुरक्षा श्रमिकों एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


