
न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद। ग्राम पंचायत कस के आश्रित ग्राम गंजईपूरी में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बीते सोमवार की रात लगभग 8 से 9 बजे के बीच कस-हरदी मार्ग पर तेंदुए को देखा गया। घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दे दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पिछले करीब एक सप्ताह से आसपास के क्षेत्र में लगातार घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। इससे पहले सोहागपुर निवासी टोकेश्वर गोस्वामी के एक मवेशी का भी तेंदुए ने शिकार कर लिया था। लगातार दिखाई देने की घटनाओं के बाद लोगों में किसी बड़ी घटना की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए की निगरानी करने तथा उसे सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से दूर करने की मांग की है। वहीं लोगों से भी रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने और सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
वन विभाग की टीम द्वारा सूचना मिलने के बाद क्षेत्र पर निगरानी रखी जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक तेंदुए को पकड़ने अथवा रेस्क्यू किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


