
न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद । शहर की फॉरेस्ट कॉलोनी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अचानक एक विशाल नीलगिरी का पेड़ एक मकान के ऊपर गिर गया, जिससे घर के भीतर मौजूद महिला मलबे और पेड़ के नीचे दब गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को पहले जिला अस्पताल गरियाबंद में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) रेफर कर दिया। मेकाहारा में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में आरक्षक धनेंद्र कुमार बंजारे एवं वाहन चालक अनुराग साहू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना के बाद फॉरेस्ट कॉलोनी सहित पूरे शहर में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने डायल-112 की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए प्रशासन से पुराने एवं जर्जर पेड़ों की समय-समय पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।


