
न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद। जिले के अमलीपदर थाना पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18.900 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9.45 लाख रुपये मूल्य का गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर मोटरसाइकिल से अमलीपदर क्षेत्र में आ रहे हैं। सूचना पर ग्राम बिरीघाट के पास नाकेबंदी कर वाहन की जांच की गई। इस दौरान उड़ीसा के नवरंगपुर जिले के रहने वाले हीरालाल केवर्त (29 वर्ष) और टीकम टोलटिया (36 वर्ष) को पकड़कर उनके पास से 18.900 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


