
न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद। वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 मई 2026 को वन परिक्षेत्र छुरा अंतर्गत ग्राम गोंदलाबाहरा में वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मनीवासगन एस. के मार्गदर्शन एवं वनमंडलाधिकारी गरियाबंद जाधव श्रीकृष्ण के निर्देश पर उप वनमंडलाधिकारी राजिम विकास चन्द्राकर के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोंदलाबाहरा निवासी हिरदे राम साहू द्वारा वन कक्ष क्रमांक पी 157 की लगभग 2.094 हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर खेती का कार्य किया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए भूमि का समतलीकरण किया और वन भूमि को विभागीय कब्जे में लिया।
कार्रवाई के दौरान वन प्रबंधन समिति गोंदलाबाहरा के अध्यक्ष, सदस्य एवं ग्राम प्रमुख भी उपस्थित रहे। विभाग ने बताया कि वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयासों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी लवकुश पाण्डेय, परिक्षेत्र सहायक अमेठी कमल नेताम, परिसर रक्षक अमेठी रामध्वज मौर्या, वनरक्षक घनश्याम ध्रुव, युवराज नेताम, कु. लक्ष्मी कोर्राम सहित वन परिक्षेत्र छुरा के स्टाफ एवं सुरक्षा श्रमिकों का सराहनीय योगदान रहा।


