
चन्द्र हास निषाद/NB 24/गरियाबंद। वन अपराधों पर नियंत्रण के लिए वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में 25 मई 2026 को वन परिक्षेत्र छुरा अंतर्गत अमेठी परिसर के वन कक्ष क्रमांक पी-157 एवं 156 में की गई अवैध कब्जेदारी पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया।
मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मनीवासगन एस. के मार्गदर्शन एवं वनमंडलाधिकारी गरियाबंद जाधव श्रीकृष्ण के निर्देशन में उप वनमंडलाधिकारी राजिम विकास चन्द्राकर एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी छुरा के नेतृत्व में वन अमले की टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम नवाडीह (साजापाली) निवासी मोहन पटेल, दीपक खेरवार, गिरधारी खेरवार, बलराम खेरवार एवं उमा बाई पटेल द्वारा लगभग 7.274 हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर खेती का कार्य किया जा रहा था। वन विभाग ने वन प्रबंधन समिति गोडलाबाहरा एवं साजापाली के अध्यक्ष, सदस्यों तथा ग्राम प्रमुखों की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाते हुए भूमि का समतलीकरण कर कब्जा पुनः विभाग के अधीन लिया।
कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्र सहायक अमेठी कमल नेताम, परिसर रक्षक अमेठी रामध्वज मोर्चा, वनरक्षक धनश्याम ध्रुव, युवराज नेताम, कु. लक्ष्मी कोर्राम सहित वन परिक्षेत्र छुरा के समस्त स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।


