
न्यूज बॉक्स 24/गरियाबंद। जिले में अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के चलते एक मकान की टीन छत उड़कर नेशनल हाईवे रोड पर जा गिरी, जिससे सड़क पर आवागमन घंटों तक बाधित रहा। घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक मौसम बदला और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान तेज हवा के कारण मकान की टीन छत उखड़कर सीधे सड़क पर जा गिरी। वहीं पास में लगा ट्रांसफार्मर भी गिरने की जानकारी सामने आई है, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा मार्ग को जल्द से जल्द साफ कराने में जुट गई। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय तक यातायात रोकना पड़ा। प्रशासन द्वारा जेसीबी और कर्मचारियों की मदद से हाईवे से टीन और अन्य मलबा हटाने का कार्य किया गया।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। हालांकि तेज आंधी और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।


