
NB 24 NEWS/गरियाबंद। शहर में शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार गरियाबंद स्थित उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व कार्यालय के सामने डाक बंगला के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक के सिर और पैर में गंभीर चोट आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने डायल 112 और 108 एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी, लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंचने के कारण घायल युवक को तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल गरियाबंद लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार होने के कारण गरियाबंद में साप्ताहिक बाजार लगा हुआ था, जिससे सड़क पर काफी भीड़ और यातायात का दबाव था। इसी बीच यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


